RSS

सरकारी लोकपाल


'अगर आज देश में इन दो मुद्दों पर जनमत कराया जाए तो जनता का क्या फैसला होगा-
1. विदेशों में जमा काले धन को जब्त कर राष्ट्रीय सम्पत्ति घोषित करना चाहिए या नहीं?
2. भ्रष्टाचार पर एक सशक्त और कारगर लोकपाल विधेयक पारित होना चाहिए या नहीं?
भोपाल से डॉ. कमलेश श्रीवास्तव आगे लिखते हैं-'अगर इन दो मुद्दों पर जनमत कराया जाए तो मैं विश्वासपूर्वक कह सकता हूं कश्मीर से कन्याकुमारी तक जनता इन मुद्दों के पक्ष में वोट देगी। इन मुद्दों पर जनमत की जरूरत इसलिए है कि आज सरकार और विभिन्न राजनीतिक दल स्वार्थ के अनुरूप काले धन व लोकपाल विधेयक की व्याख्या कर रहे हैं। जनता स्वत: ही दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी।'
जयपुर से वैभव जैन ने लिखा- 'अगर सरकार विदेशों में जमा काले धन को राष्ट्रीय सम्पत्ति घोषित करने को तैयार है तो फिर बाबा रामदेव के आन्दोलन को कुचलने की क्या जरूरत थी?'
इंदौर से सतीश निगम ने लिखा- 'सरकार अगर भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए एक सशक्त लोकपाल विधेयक बनाने को तैयार है तो उसे अन्ना हजारे की सिविल सोसाइटी के ड्राफ्ट पर ऐतराज क्यों है?'
कोटा से धर्मेश हाड़ा ने लिखा- 'सरकार अगर जनभावनाओं की कद्र करती है तो फिर वह प्रधानमंत्री और न्यायपालिका को लोकपाल बिल के दायरे से बाहर क्यों रखना चाहती है?'
प्रिय पाठकगण! पाठकों की ये प्रतिक्रियाएं इस बहस पर प्रकाश डालती हैं जो इन दिनों मीडिया में सुर्खियों में है। सरकार का दावा है कि वह काला धन और भ्रष्टाचार खत्म करना चाहती है, परन्तु ठोस उपाय सामने नहीं आ रहे। उल्टे सरकार के क्रियाकलापों से जनता में कई सवाल उठाए जा रहे हैं-
  • क्या काले धन पर सरकार की कथनी और करनी में फर्क है?
  • क्या भ्रष्टाचार, लोकपाल विधेयक पर सरकार की नीयत साफ है?
  • क्या जन भावनाओं को भांपकर सरकार सचमुच कोई ठोस उपाय करने को मजबूर है या वह सिर्फ ढोंग कर रही है?
पाठकों की प्रतिक्रियाओं में इन प्रश्नों के उत्तर चिन्हित किए जा सकते हैं।
रायपुर से महेन्द्र साहू ने लिखा- 'लोकपाल विधेयक पर सरकार की नीयत कतई साफ नहीं है। सरकार का दोगला रवैया देखकर आश्चर्य होता है। ये वही प्रणव मुखर्जी हैं जिन्होंने 2001में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान प्रधानमंत्री को लोकपाल के दायरे में लाने की सिफारिश की थी। मुखर्जी इस मुद्दे पर गठित समिति के अध्यक्ष थे। यानी 'उनके' प्रधानमंत्री की बात अलग थी और 'हमारे' प्रधानमंत्री की बात अलग है! क्या यही सत्ताधीशों का चरित्र है! बिल्कुल नहीं, वाजपेयीजी तो खुद मुखर्जी की सिफारिश पर सहमत थे। कुछ समय पहले तक केन्द्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली और पी. चिदम्बरम भी प्रधानमंत्री को लोकपाल के दायरे में लाने पर सहमति जता चुके थे। और तो और बड़बोले कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह भी यही बात दोहरा चुके थे। बाद में भले ही वह पलट गए।'
अहमदाबाद से डॉ. रूपा त्रिपाठी ने लिखा- 'काले धन को सरकार राष्ट्रीय सम्पत्ति घोषित करने को तैयार है तो फिर विधेयक लाने में क्या दिक्कत है? बाबा रामदेव यही चाहते थे, जिनकी मांग को बेरहमी से ठुकरा दिया गया।'
खमनोर (राजसमंद) से शंकरलाल कागरेचा ने लिखा- 'बाबा रामदेव के अहिंसक सत्याग्रह को जिस तरह कुचला गया उसकी मिसाल अन्यत्र नहीं मिलती। किसी जायज आन्दोलन को बलपूर्वक नहीं कुचला जा सकता। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर सरकार से जवाब मांगा। ये संस्थाएं ही न्याय करेंगी कि सरकार ने कितनी बर्बर और अनुचित कार्रवाई की।'
ग्वालियर से अशोक लाहा ने लिखा- 'बाबा रामदेव को गिरफ्तारी से बचने के लिए आन्दोलन स्थल से भागना नहीं चाहिए था। बाबा की इसी एक चूक ने विदेशी बैंकों में जमा  70 लाख करोड़ रुपए की काली कमाई का महत्वपूर्ण मुद्दा हाथ से गंवा दिया। केन्द्र सरकार और विरोधियों को उन पर हमला करने का अवसर मिल गया।'
बेंगलूरु से डी.सी. बोथरा ने लिखा- 'सरकार की यह चाल है कि वह मुद्दों की लड़ाई को व्यक्ति पर केन्द्रित कर दे ताकि उन्हें बदनाम किया जा सके। इसलिए कभी वह बाबा रामदेव को 'ठग' बताती है तो कभी अन्ना हजारे को आरएसएस का मोहरा।'
जबलपुर से कौशल भारद्वाज ने लिखा- 'दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि बाबा रामदेव और अन्ना हजारे दोनों एक ही मकसद के लिए लड़ने के बावजूद अलग-अलग छोर पर खड़े नजर आते हैं। दोनों एक दूसरे के कुछ मुद्दों पर सहमत हैं कुछ पर असहमत, लेकिन उन्हें सार्वजनिक तौर पर जाहिर कर दोनों अपने-अपने आन्दोलनों को कमजोर ही कर
रहे हैं।'
बीकानेर से दौलत सिंह सांखला ने लिखा- 'विदेशों में जमा काले धन पर विधेयक तथा लोकपाल बिल में प्रधानमंत्री और न्यायपालिका को शामिल किए बिना काला धन और भ्रष्टाचार कभी खत्म नहीं होंगे।'
श्रीगंगानगर से कुलदीप चढ्ढा ने लिखा- 'सरकार सिविल सोसाइटी के जन लोकपाल बिल को लागू करने को तैयार नहीं थी तो संयुक्त ड्राफ्ट कमेटी गठित करने की नौटंकी करने की क्या तुक थी। सरकार वही लोकपाल बिल पारित कर देती जो उसने 1968 में पेश किया था और जिसे लोकसभा में अब तक 14 बार रखा जा चुका है।'
उज्जैन से कृपाशंकर पुरोहित ने लिखा- 'सरकार अपने मकसद में कामयाब होती नजर आ रही है। पहले बाबा रामदेव के आन्दोलन की हवा निकाली और अब सिविल सोसाइटी के ड्राफ्ट की धज्जियां उड़ा रही है। हर कोई यह बात अच्छी तरह समझाता है कि अगर ड्राफ्ट कमेटी की ओर से दो अलग-अलग ड्राफ्ट केबिनेट में गए तो सरकार कौन से ड्राफ्ट को मंजूर करेगी। एक कमजोर लोकपाल का होना न होना
बराबर है और इसी की तैयारी की जा रही है।

  • Digg
  • Del.icio.us
  • StumbleUpon
  • Reddit
  • RSS

पाक परमाणु-शक्ति!

रायपुर (छत्तीसगढ़) से चन्द्रप्रकाश शुक्ला ने लिखा-'अमरीकी खुफिया एजेन्सियों का अनुमान है कि पाकिस्तान के पास इस समय 90 से 110 के बीच परमाणु हथियार हैं, जो भारत से कहीं ज्यादा है। (पत्रिका: 1 जून: परमाणु कार्यक्रम में जुटा पड़ोसी) इतना ही नहीं, पश्चिमी रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम की रफ्तार दुनिया के किसी अन्य देश की तुलना में सबसे ज्यादा है। रक्षा विशेषज्ञों को डर है कि पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम में यदि वर्तमान तेजी बनी रही तो वह बहुत जल्द फ्रांस की बराबरी पर पहुंच जाएगा। फ्रांस परमाणु हथियारों के भंडार के मामले में दुनिया का चौथा बड़ा देश है। मैंने जब यह विवरण पढ़ा तो मन में कई प्रश्न उठे।
  •  पहला, यह कि आर्थिक रूप से जर्जर राष्ट्र के पास परमाणु हथियारों के लिए अरबों रुपए का धन कहां से आ रहा है?
  • दूसरा, यह कि पाकिस्तान को किससे खतरा है कि वह ताबड़तोड़ तरीके से परमाणु हथियार एकत्र कर रहा है?
  • तीसरा, यह कि पाकिस्तान को कौन मदद कर रहा है, और क्यों?
  • चौथा और महत्वपूर्ण सवाल यह कि क्या पाकिस्तान अपने परमाणु हथियारों के भंडार की सुरक्षा करने में सक्षम है? अगर नहीं तो क्या इसका सबसे ज्यादा असर भारत पर पड़ेगा?'
इंदौर से विमल दशोरे ने लिखा- '22 मई 2011 की रात कराची के मेहरान नौ सेना बेस पर तालिबानी हमले से यह फिर साबित हो गया कि पाकिस्तान में परमाणु हथियार सुरक्षित नहीं हैं। हमलावर आतंककारी पाक के मसरूर एयरबेस पर रखे परमाणु जखीरे से सिर्फ 24 किमी दूर थे। इससे पहले भी पाक में नवम्बर 2007 व अगस्त 2008 में परमाणु ठिकानों के आसपास सैन्य बलों पर हमले हो चुके हैं।'
कोटा से रामराज गुप्ता ने लिखा- 'एक कहावत है नादान की दोस्ती, जी का जंजाल। इसे यूं भी कह सकते हैं- नादान पड़ोसी, जी का जंजाल। पाकिस्तान की नौ सेना बेस में घुसकर आतंकियों ने 15 घंटे तक कोहराम मचाए रखा और विस्फोट करके सेना के अत्याधुनिक पी-3सी ऑरियन विमान और कई जवानों को उड़ा दिया। उन हमलावर आतंकियों का खात्मा करने में पाक सुरक्षा बलों को पसीने छूट गए। अगर वो 20 आतंकी थोड़ा और दुस्साहस कर परमाणु हथियारों के जखीरे तक पहुंच जाते तो?'
जयपुर से अभिजीत कौल के अनुसार- 'उस देश में परमाणु हथियार सुरक्षित नहीं, जिस देश में परमाणु हथियारों की चाबी निर्वाचित सरकार के हाथ में नहीं हो। पाकिस्तान में राज सेना और आईएसआई का चलता है।'
उदयपुर से भीमसिंह शक्तावत ने लिखा- 'पाकिस्तान के परमाणु हथियारों को लेकर हमारी चिन्ता का सबसे बड़ा कारण यह है कि एक तरफ खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंककारियों में साठगांठ है, तो दूसरी तरफ सेना में भी कई लोग आतंकियों से मिले हुए हैं। इस बात की पोल हाल ही पाकिस्तानी पत्रकार सलीम शहजाद ने ही खोल दी, जिसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। डेविड कोलमैन हैडली ने भी अमरीकी अदालत में आईएसआई व आतंकी गठबंधन की कलई खोल दी है। अब सारी दुनिया सच्चाई जान चुकी है।'
प्रिय पाठकगण! पड़ोसी देश पाकिस्तान में लगातार आतंकी हमले, विस्फोट और खून-खराबे की घटनाओं को भारत में किस तरह से देखा जा रहा है? भीतर के असुरक्षित हालात के बावजूद पाकिस्तान परमाणु हथियारों का विस्तार क्यों कर रहा है? साथ ही आईएसआई, सेना व आतंकियों के गठजोड़ के आरोप तथा हैडली के बयानों से उजागर हुए तथ्यों पर भारतीय नागरिकों की क्या प्रतिक्रिया है? उपर्युक्त पत्रों में एक स्पष्ट झलक आपने देखी। पाठकों की कुछ और प्रतिक्रियाएं भी देखें।
जबलपुर से अमरीश भाटिया ने लिखा- 'पाकिस्तान में आईएसआई, सेना और आतंकियों की मिलीभगत पर जिसने भी जुबान खोली उसे ठिकाने लगा दिया जाता है। मीडिया का वहां हमेशा गला घोंटा गया। एशिया टाइम्स आनलाइन के ब्यूरो चीफ सलीम शहजाद की हत्या ताजा उदाहरण है। इससे पहले जंग समूह के उमर चीमा तथा लाला हमीद बलूच जैसे पत्रकारों की मौत भी इन्हीं परिस्थितियों में हुई थी।'
अहमदाबाद से दिवेश अग्रवाल के अनुसार- 'हैडली के विस्तृत बयान से साफ है कि भारत में 26/11 की साजिश आईएसआई और लश्कर-ए-तैयबा ने मिलकर रची। मेजर इकबाल और हाफिज सईद के बारे में हैडली ने सब कुछ उगल दिया।'
ग्वालियर से दीपक साहू से लिखा- 'पाक ने खुशाब परमाणु परिसर में अचानक गतिविधियां तेज कर दी- यह बात मीडिया में सामने आई है। पाक अपनी परमाणु ताकत का जिस तेजी से विस्तार कर रहा है उससे पता चलता है कि उसे यूरेनियम प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हो रहा है। अमरीका से रिश्ते कमजोर पड़ने पर अब उसे चीन मदद कर रहा है।'
उज्जैन से ज्ञानप्रकाश शर्मा ने लिखा- 'चीन और पाकिस्तान का गठजोड़ न केवल दक्षिण एशिया में शक्ति-संतुलन बिगाड़ देगा, बल्कि पश्चिमी देशों के लिए भी नए खतरे पैदा करेगा।'
भोपाल से आर.सी. कालरा ने लिखा- 'अगर पाकिस्तान में परमाणु हथियार आतंककारियों के हाथ में पड़ गए तो न केवल पाकिस्तान तबाह हो जाएगा, भारत को भी भारी नुकसान पहुंचेगा। इसलिए भारत सहित विश्व समुदाय को पाक पर दबाव बनाना चाहिए कि वह नए परमाणु संयंत्रों पर रोक लगाए। चीन को भी पाबंद किया जाए कि वह पाक को यूरेनियम सप्लाई बंद करे।'

  • Digg
  • Del.icio.us
  • StumbleUpon
  • Reddit
  • RSS

जनता से छल!

भिलाई से गौतम श्रीवास्तव ने लिखा-
'मैं यूनिवर्सिटी टॉपर रहा हूं। लेकिन कोई मुझ से पूछे कि बताओ साल भर में पेट्रोल की कीमतें कितनी बार बढ़ीं, तो मैं फेल हो जाऊंगा। सचमुच मुझे याद नहीं। देश में एक मात्र यही ऐसी चीज है जो असंख्य बार महंगी होती है। अपनी कार में पेट्रोल भरवाते हुए मैं कभी जान नहीं पाता, आज कितना पेट्रोल मिलेगा। कितने रुपए में कितना पेट्रोल? कुछ पता नहीं। पम्प के मीटर पर डिसप्ले होती संख्याएं बेमानी महसूस होती हैं। कल जो दाम था, आज नहीं। आज जो दाम है, कल भी कायम रहेंगे, कोई गारंटी नहीं। मेरे जैसे कई और लोग भी 'कंफ्यूज' रहते होंगे। कहीं ये तेल कंपनियों का षड़्यंत्र तो नहीं कि ग्राहक पेट्रोल की वास्तविक कीमत कभी याद ही न रख पाए। पेट्रोल पम्प वाले उन्हें मनमाफिक ढंग से लूटते रहें!'
कोलकाता से आशीष डागा ने लिखा- 'इस बात का रंज नहीं है कि पेट्रोल की कीमत फिर बढ़ा दी। इस बात का अफसोस है कि हमने जिन लोगों को चुना, उन्होंने ही हमें धोखा दिया। सिर्फ 24 घंटे! इतना भी सब्र नहीं रखा। उधर पांच राज्यों के चुनाव परिणाम घोषित हुए और इधर पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए। यह जनता का सरासर अपमान है।'
प्रिय पाठकगण! पिछले पखवाड़े पेट्रोल की कीमतें 5 रुपए प्रति लीटर बढ़ाई गईं। यह अब तक की सर्वाधिक बढ़ोतरी है। शायद इसीलिए इस विषय पर पाठकों की सर्वाधिक प्रतिक्रियाएं भी प्राप्त हुई हैं। क्या पेट्रोल की इतनी मूल्य वृद्धि उचित है? क्या भारत सरकार अंतरराष्ट्रीय मूल्य वृद्धि के बावजूद नागरिकों को राहत पहुंचाने में सक्षम है? क्या पेट्रोल कंपनियों की दलीलों पर लोगों को भरोसा है? क्या सरकार का पेट्रोल के दामों पर सचमुच कोई नियंत्रण नहीं? पाठकों की प्रतिक्रियाओं में इन सवालों के जवाब समाहित हैं।
इंदौर से दीनबंधु आर्य  के अनुसार- 'वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी जनता को मूर्ख समझते हैं। पेट्रोल के दाम बढ़ाने पर उन्होंने जो तर्क दिया जरा उस पर गौर करें। मुखर्जी ने कहा- पेट्रोल की कीमतों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं। सरकार ने जून 2010  के बाद पेट्रोल को नियंत्रण मुक्त कर दिया। यानी मुखर्जी साहब जनता की नाराजगी को भांपकर उसे फुसलाने की कोशिश कर रहे हैं। कौन यकीन करेगा? हर कोई जानता है कि पेट्रोल के अन्तरराष्ट्रीय दाम जनवरी 2011 में ही बढ़ गए थे। तभी से तेल कंपनियां पेट्रोल महंगा करना चाहती थी, लेकिन सरकार ने उन्हें पांच राज्यों के चुनावों के कारण ऐसा करने की इजाजत नहीं दी। जैसे ही चुनाव परिणाम आए, सरकार ने तेल कंपनियों को हरी झडी दिखा दी।'
कोटा से रामसिंह तंवर ने लिखा-'तेल कंपनियां पिछले 4 माह से घाटा क्यों उठा रही थीं? अगर वे सरकार के नियंत्रण से मुक्त थीं तो उन्हें खुलासा करना चाहिए कि दाम बढ़ाने से उन्हें किसने रोक रखा था?'
जोधपुर से विक्रम परिहार ने लिखा- 'यह सही है कि किरीट पारिख समिति की सिफारिशों के अनुसार पेट्रोल के दाम तेल कंपनियां खुद तय करती हैं, लेकिन इसी समिति की यह भी सिफारिश थी कि दाम बढ़ाने से पूर्व सरकार की अनुमति प्राप्त करना आवश्यक है। इसलिए यह साफ है कि सरकार ने जनवरी 2011 से 13 मई 2011 तक कंपनियों को अपने राजनीतिक स्वार्थ की खातिर रोके रखा। जैसे ही स्वार्थ पूरा हुआ, कंपनियों को लूट की इजाजत दे दी। यह राजनीति का घिनौना पक्ष है।'
ग्वालियर से मगन सिंह 'ज्वाला' के अनुसार 'तेल कंपनियां और सरकार दोनों मिलकर जनता को लूट रहे हैं। क्या तेल कंपनियां जनता को यह बताएगी कि उनकी बैलेंस शीट कब घाटे में रही? गत वर्ष देश की तीनों प्रमुख कंपनियों ने करोड़ों रुपए का शुद्ध मुनाफा कमाया। दूसरी तरफ सरकार पेट्रोल पर अंधाधुंध टैक्स लगाकर जनता की जेब काट रही है। दुनिया के विकसित और पिछड़े दोनों तरह के कई देशों से भारत सरकार पेट्रोल पर ज्यादा टैक्स वसूली करती है।'
होशंगाबाद से हेमन्त शर्मा ने लिखा- 'अगर केन्द्र व राज्य सरकारें दोनों मिलकर अपने-अपने हिस्से के टैक्स में कुछ कटौती कर दें तो वह अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ावों से जनता को मुक्त रख सकती हैं। आखिर क्या जरूरत है पेट्रोल पर सौ प्रतिशत टैक्स वसूली की?'
जयपुर से सुभाष हल्दिया ने लिखा- 'पेट्रोल आज आम जनता की जरूरत बन गया है। ऐसे में सरकारों को जनता के हित में फैसले करने चाहिए। इसके विपरीत राजस्थान में तो सरकार जनता से वादा करके भूल गई और उसने आज तक पेट्रोल पर न तो वेट की दर कम की न ही रोड सैस घटाया।' जबकि बाड़मेर में तेल उत्पादन के बाद राज्य सरकार ने रॉयल्टी के तौर पर गत वर्ष 1700 करोड़ रुपए कमाए।'
उज्जैन से पीताम्बर शुक्ला ने लिखा- 'हर बार पेट्रोल महंगा करने का कारण अंतरराष्ट्रीय मूल्य वृद्धि बताया जाता है, लेकिन इसका सारा बोझ जनता पर डालना उचित नहीं। सरकार अपनी टैक्स दरें घटाए और कंपनियां अपना मुनाफा।'
चेन्नई से अच्युत श्रीनिवासन ने लिखा- 'पेट्रोल पर आयात शुल्क खत्म करना चाहिए। कच्चे तेल पर कस्टम ड्यूटी कम करनी चाहिए। इसी तरह पेट्रोल पर अनाप-शनाप लगाया जाने वाला उत्पाद शुल्क भी कम करना चाहिए। साथ ही, सभी पेट्रो पदार्थों पर सब्सिडी बढ़ाई जानी चाहिए।'
भोपाल से सैयद मुमताज अली ने लिखा- 'पेट्रोल के बढ़ते दामों ने मानो आग लगा दी है। अभी कुछ वर्षों पहले तक मैं अपनी कार में ढाई हजार रुपए का पेट्रोल प्रति माह डलवाता था। अब सात हजार रुपए भी कम पड़ने लगे हैं। यह पेट्रोल तो हमें शायद कहीं का नहीं छोड़ेगा।'

  • Digg
  • Del.icio.us
  • StumbleUpon
  • Reddit
  • RSS

बेखबर पाकिस्तान!


ग्वालियर से मिथुन मोघे ने लिखा-
1. 'क्या ओसामा-बिन-लादेन के खात्मे की अमरीकी कार्रवाई 'ऑपरेशन एल्विस' की जानकारी पाकिस्तान को पहले से थी?
2. या फिर पाकिस्तान की राजधानी व उसकी सैन्य अकादमी के नाक तले छुपे ओसामा को अमरीकी सैनिकों ने खोज निकाला, गोलियों से भूना, लाश को साथ लेकर हेलीकॉप्टरों से उड़ गए और बेचारे पाकिस्तान को कोई खबर तक नहीं हुई?
  इन दोनों सवालों के जवाब चाहे वे हां में हो या ना में-पाकिस्तान के गले की हड्डी बन गए हैं जो न उगलते बन रही है न निगलते। आज पाकिस्तान एक ऐतिहासिक राष्ट्रीय शर्म के दौर से गुजर रहा है। उसे पूरी दुनिया धिक्कार रही है। इन हालात के लिए कोई और नहीं पाकिस्तान खुद जिम्मेदार है।'
उदयपुर से नरेन्द्र चतुर्वेदी ने लिखा- 'पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के चीफ शुजा पाशा और पाक सेना प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कियानी को अमरीकी ऑपरेशन की जानकारी नहीं थी- यह कोई नहीं मान सकता। ये दोनों ही पाकिस्तान के सर्वेसर्वा हैं। दोनों को मालूम था ओसामा कहां छुपा है। और यह भी साफ है दोनों को पहले से मालूम था कि अमरीका ऐबटाबाद में क्या करने जा रहा है? सवाल है ये दोनों सर्वशक्तिमान माने-जाने वाले पाक के 'भाग्य विधाता' आखिर खामोश क्यों रहे? क्यों उन्होंने 'ऑपरेशन एल्विस' का जरा सा भी प्रतिवाद नहीं किया? क्या किसी दूसरे राष्ट्र के  दस-बीस सैनिक लड़ाकू हेलीकॉप्टरों से आकर इतनी आसानी से सुरक्षित लौट सकते थे?'
प्रिय पाठकगण! ओसामा के खात्मे की अमरीकी कार्रवाई को लेकर भारतीय नागरिकों की क्या प्रतिक्रिया है? कहने को पाकिस्तान में लोकतंत्र है, लेकिन पाठक वहां राज सेना का ही मानते हैं। सवाल है, क्या कट्टरवादी पाक सेना पस्त हो चुकी है या फिर आईएसआई अपनी तयशुदा लाइन से पीछे हट गई है? क्या पाक की चुनी हुई सरकार बिलकुल नकारा है? क्या पाकिस्तान पूरी तरह से एक लुंजपुंज राष्ट्र बन चुका है? पाठकों की प्रतिक्रियाओं में इन सवालों के जवाब तथा भारतीय जनमानस की झलक भी देख सकते हैं।
इंदौर से प्रो. राजेन्द्र मोहन ने लिखा- 'जिस ऐबटाबाद में अमरीकी सैनिक हेलीकॉप्टर से उतरे वह पाकिस्तानी सेना का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। वहां आने वाले हर व्यक्ति पर सेना की कड़ी निगरानी रहती है। आश्चर्य है अमरीकी सैनिक आए और ओसामा को मारकर चले गए। क्या पाक सेना सो रही थी?'
रायपुर से राजशेखर ने लिखा-'अमरीका ने ओसामा को ढूंढ निकाला और मार गिराया। यह अन्तरराष्ट्रीय आतंकवाद को एक बहुत बड़ा झटका है। आतंककारियों को इसी तरह ढूंढ-ढूंढ कर मारना चाहिए। पाकिस्तान पर मुझे तरस आता है। वह अब भी झूठ बोल रहा है कि उसे ओसामा की कोई जानकारी नहीं थी।'
जयपुर से सुभाष चन्द्रा ने लिखा- 'पाकिस्तान के हुक्मरानों के पास और कोई चारा भी नहीं था। उन्हें पाकिस्तानी जनता के सामने अपनी खाल बचाने के लिए झूठ बोलना ही पड़ेगा।'
जबलपुर से देवेन्द्र सरीन ने लिखा- 'पाकिस्तान की जनता पाकिस्तानी शासकों को दोनों तरफ से बख्शने वाली नहीं है। चाहे उन्हें अमरीकी कार्रवाई की जानकारी थी तो भी, नहीं थी तो भी।'
बीकानेर से पी.सी. सुथार ने लिखा- 'अमरीका आतंकवाद से लड़ने के लिए पाकिस्तान को प्रतिवर्ष जो 15 हजार करोड़ रुपए देता था, सेना व गुप्तचर एजेंसियों के लोग उसे ऐय्याशियों में उड़ा देते थे। वे आतंककारियों से कभी नहीं लड़े। उल्टे उन्हें मदद करते रहे और मनमाफिक देश को लूटते रहे। आज पाकिस्तान की हालत इतनी खराब है कि अगर अमरीका कर्ज न दे तो पाक जनता को राशन पानी भी नसीब न हो।'
अजमेर से डॉ. सतीश ने लिखा- 'हो सकता है पाकिस्तान को अमरीकी कार्रवाई की बिलकुल भनक न पड़ी हो। पाकिस्तान में कुछ भी हो सकता है।'
भोपाल से प्रियांशु जैन ने लिखा- 'भारत को भी इसी तरह की कार्रवाई करनी चाहिए। पाकिस्तान में भारत के अपराधी ओसामा जैसे एक नहीं कई आतंककारी छिपे बैठे हैं। इनमें कई तो वहां खुलेआम देखे जाते हैं। भारत को मुम्बई बमकांड का सरगना दाउद इब्राहिम और भारतीय संसद पर हमले का दोषी मौलाना मसूद अजहर के साथ वही करना चाहिए जो अमरीका ने ओसामा के साथ किया।'
कोटा से रामसिंह तंवर ने लिखा- 'पाक अधिकृत कश्मीर में भारत के खिलाफ सक्रिय आतंककारियों के 42 शिविर हैं। शिविरों को हमें हमला करके नष्ट कर देना चाहिए।'
जोधपुर से करणसिंह भूणी ने लिखा- 'संपादकीय 'हम क्यों खामोश' (पत्रिका: 4 मई) पढ़कर प्रत्येक स्वाभिमानी भारतीय का मस्तक शर्म से झुका होगा, परन्तु सत्ता के शीर्ष पर बैठे नेताओं को स्वाभिमान की जरा-सी भी परवाह नहीं है। भारत की कमजोर सरकार अब तक संसद पर हुए हमले के मुख्य आरोपी अफजल गुरु को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद मृत्युदंड देने में हिचकिचा रही है। उससे क्या उम्मीद करें।'
पाली से दीपक मेहता ने लिखा- 'मैं कलीम बहादुर के लेख 'अब तो सुधरे पाकिस्तान' (पत्रिका: 3 मई) से सहमत हूं। हमें पाकिस्तान पर दबाव बनाना चाहिए। सीधा हमला ठीक नहीं होगा।'
बेंगलूरु से सोमेन्द्र मैसी ने लिखा- 'ओसामा को खत्म करने के बाद अमरीका के राष्ट्रपति ओबामा ने कहा- हम जो ठानते हैं कर दिखाते हैं। क्या भारत के प्रधानमंत्री भी पाक में छिपे आतंककारियों के लिए ऐसा कहेंगे?'

  • Digg
  • Del.icio.us
  • StumbleUpon
  • Reddit
  • RSS

कोख में कत्ल




जयपुर से कुमारी सुष्मिता ने लिखा- 'जनगणना- 2011 के आंकड़ों ने मुझे शर्मसार कर दिया। इन आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में छह साल उम्र की बालिकाएं घट गई हैं। यानी बाल लिंगानुपात लड़कों के मुकाबले और ज्यादा गिर गया है। शिक्षा के प्रसार और कन्या-भ्रूण हत्या के खिलाफ लगातार सामाजिक-सरकारी अभियानों के बावजूद यह क्या हो रहा है? क्या हम पढ़े-लिखे सभ्य समाज कहलाने के हकदार हैं? जो आंकड़े प्रकाशित हुए हैं (पत्रिका: 1 व 5 अप्रेल) उनसे साफ जाहिर है कि लड़कियों की संख्या घटने का एकमात्र कारण कोख में ही उनका कत्ल कर देना है। पहले हम रूढि़यों, अंधविश्वास और अशिक्षा को दोषी मानकर खासकर, ग्रामीण समाज को कोसते थे, लेकिन अब? पढ़ा-लिखा शहरी समाज गर्भ में लिंग का पता लगा कन्याओं का खात्मा कर रहा है। मुझे बहुत ही मानसिक कष्ट हुआ जब एक तरफ पत्रिका में लिंगानुपात के आंकड़े प्रकाशित थे तो बगल में यह खबर भी छपी थी जिसमें उसी दिन जयपुर में दो नवजात कन्याओं की हत्या की गई थी। एक स्थान पर कोई नवजात कन्या का शव फेंक गया था तो दूसरी जगह नाले में कन्या-भ्रूण पॉलिथिन बैग में लिपटा मिला। क्या यह सब हमारे सभ्य-समाज के मुंह पर कालिख नहीं है?'
डी.के. शर्मा (कोटा) ने लिखा- '...तो ढूंढे नहीं मिलेगी दुल्हन' शीर्षक समाचार का निष्कर्ष चेतावनी की घंटी है। अगर अनसुनी की तो लड़के आने वाले वर्षों में दुल्हनों के लिए तरस जाएंगे। आबादी का संतुलन गड़बड़ाने से सब कुछ गड़बड़ा जाएगा। हमारे परिवारिक और सामाजिक रिश्तों का ताना-बाना बिखर जाएगा।'
प्रिय पाठकगण! जनगणना- 2011 के आंकड़ों में एक हजार पुरुषों की आबादी पर महिलाओं की संख्या में थोड़ी बढ़ोतरी को जहां कई पाठकों ने अच्छा संकेत माना है, वहीं बाल लिंगानुपात घटने पर गहरी चिन्ता प्रकट की है। शायद आपको यह विरोधाभास लगे कि वर्तमान में कन्या-भ्रूण हत्याओं के लिए पढ़े-लिखे शहरी समाज को ज्यादा दोषी माना जा रहा है, वहीं शहरी समाज से ही इस बुराई के खिलाफ आवाज भी उठ रही है। पाठकों की ये प्रतिक्रियाएं इसकी बानगी भर हैं।
ग्वालियर से दिग्विजय सिंह ने लिखा- 'पूरे देश में कन्या-भ्रूण हत्या के आंकड़े भयावह हैं। अनुमान लगाया गया है कि पिछले 50 वर्षों में भारत में 1.50 करोड़ नवजात कन्याओं की हत्या की जा चुकी है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के भारतीय प्रतिनिधि के अनुसार 2001 से 2007 के बीच लिंग परीक्षण के कारण प्रसव पूर्व ही 6 लाख लड़कियां प्रतिवर्ष नहीं जन्मी। यानी रोजाना 1600 लड़कियों की गर्भ में ही हत्या कर दी गई। वर्ष में औसतन 28  से 30  लाख भ्रूण परीक्षण होते हैं। सरकारी एजेंसियां सोई हुई हैं। पुलिस और चिकित्सा महकमों की हालत का पता इसी से चलता है कि मार्च-2011 तक देश के विभिन्न राज्यों में जन्म से पूर्व लिंग परीक्षण करने वालों के खिलाफ सिर्फ 805 मामले दर्ज हुए और इनमें भी मात्र 55 मामलों में कार्रवाई हुई। मध्य प्रदेश में दर्ज 70 मामलों में तो एक पर भी कार्रवाई नहीं हुई।'
ज्योति शर्मा (धौलपुर) ने लिखा- 'कन्या-भ्रूण हत्या रुके भी तो कैसे? सरकारी मशीनरी का इस बुराई को रोकने में कोई रोल ही नजर नहीं आता। प्रदेश में पीसीपीएनडीटी एक्ट-1994 के तहत कन्या-भ्रूण हत्या रोकने के उद्देश्य से एक विशेष टीम गठित की गई थी जिसका मुखिया डिप्टी एसपी स्तर का अधिकारी था, लेकिन इस विशेष टीम ने आज तक कुछ नहीं किया सिवाय कागजी कार्रवाई के। उल्टे लिंग परीक्षण करने वाले दोषी डॉक्टरों और सोनोग्राफी सेन्टरों को खुली छूट मिल गई।'
अहमदाबाद से अलका जोशी ने लिखा-'देश के 17  राज्यों में लिंगानुपात घटने पर केन्द्र सरकार केवल घडि़याली आंसू बहा रही है। (पत्रिका: 22 अप्रेल) हाल ही उन सभी राज्यों के स्वास्थ अधिकारियों के साथ केन्द्रीय सचिव की बैठक में निर्णय तो लंबे-चौड़े किए गए हैं, लेकिन ऐसे निर्णय बाद में ठंडे बस्ते में चले जाते हैं। अगर सरकार सचमुच गंभीर है तो कन्या-भ्रूण हत्या में दोषियों के लिए मौत की सजा का प्रावधान करना चाहिए।'
भोपाल से ओमप्रकाश सिंघल ने लिखा- 'समझ में नहीं आता एक मां अपनी पुत्री की हत्या के लिए कैसे तैयार हो जाती है? अगर मां चाहे तो कोई ताकत कन्या-भ्रूण या नवजात कन्या की हत्या नहीं कर सकती।'
इंदौर से सुभाष अग्निहोत्री ने लिखा- 'गर्भवती महिला को लिंग परीक्षण के लिए परिवार के लोग ही बाध्य करते हैं। यदि उसकी इच्छा पूछी जाए तो एक मां कभी भी अपने जिगर के टुकड़े को खत्म नहीं करेगी।'
बैंगलूरुसे नरेन्द्र भंसाली ने लिखा- 'कन्या-भ्रूण हत्या पर हम जितना शोर मचाते हैं उतना ही अगर नारी अत्याचार पर मचाएं तो कन्या-भ्रूण हत्या की नौबत ही नहीं आएगी।'
अजमेर से लालचंद 'भारती' ने लिखा- 'आज देश की राष्ट्रपति नारी है। लोकसभा अध्यक्ष नारी है। देश के मुख्य सत्ताधारी दल की मुखिया भी नारी है। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं जिसमें स्त्री-शक्ति ने मौजूदगी दर्ज नहीं कराई हो। मीडिया ने कन्या-भ्रूण हत्या के खिलाफ वातावरण बनाने में काफी मदद की है 'पत्रिका' की 'एकल पुत्री जयते' और 'अपनी पुत्री जयते' जैसे अभियान ने अनुकूल वातावरण बनाया है। कई सामाजिक संस्थाएं इस क्षेत्र में अनूठा कार्य कर रही हैं। हमें उम्मीद करनी चाहिए लोग बेटियों की कद्र करना सीखेंगे।'

  • Digg
  • Del.icio.us
  • StumbleUpon
  • Reddit
  • RSS

जनता का लोकपाल


(१)  'मैं 24 वर्षीय नवयुवक हूं। मुझे घोर आश्चर्य हुआ, जब मैंने पढ़ा कि लोकपाल विधेयक पिछले ४२ वर्षों से लोकसभा में अटका पड़ा है। देश में भ्रष्टाचार रोकने के लिए यह विधेयक पेश किया गया था। डॉ. राममनोहर लोहिया ने कहा था- जिन्दा कौमें पांच साल तक इंतजार नहीं कर सकती। धन्य हैं हम। 42 साल से चुप बैठे थे। ये तो अन्ना हजारे ने हमें झिझोंड़ दिया वरना न जाने और कितने वर्षों तक चुप रहते। हमारी खामोशी ने हमारा कितना अहित किया। हमारी गिनती भ्रष्ट राष्ट्रों में होती है। 20 लाख करोड़ रुपए तो हमने सिर्फ रिश्वतखोरी में गंवा दिए। 70 लाख करोड़ रुपए का काला धन विदेशी बैंकों में चला गया। इस सारी राशि से करोड़ों गरीबों की किस्मत चमक सकती थी। बहरहाल, देर आयद, दुरस्त आयद। भ्रष्टाचार के खिलाफ चेते हैं तो हमारी जिम्मेदारी बढ़ गई है।' 
दिव्यांशु डोभाल, जबलपुर

(२)  'भ्रष्टाचार इतना बड़ा मुद्दा था। पानी सिर से गुजर चुका था। सरकारें नाकारा हो चुकी थीं। हमें सूझ नहीं रहा था, क्या करें! न्यायपालिका, मीडिया और सामाजिक कार्यकर्ता समय-समय पर दिशा दे रहे थे। जन-जागरण बढ़ा था, लेकिन 'एक्शन' के लिए किसी पथ-प्रदर्शक की जरूरत थी। वह हमें अन्ना हजारे के रूप में मिला।'
 रवीन्द्र कालरा, बीकानेर

  प्रिय पाठकगण! इन पत्रों के साथ ही अनेक पाठकों की प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुई हैं। सभी का एक ही स्वर, भारत से भ्रष्टाचार भगाओ। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पाठक इस स्तंभ में बहुत मुखर होकर राय व्यक्त करते रहे हैं। इसलिए भ्रष्टाचार के खिलाफ चले अन्ना हजारे के अनशन पर पाठकों की प्रतिक्रियाओं का उफान स्वाभाविक है।
जोधपुर से माणिक्य पुरोहित ने लिखा- 'अन्ना हजारे के चार दिन के अनशन के दौरान सरकार ने मांगें मंजूर करने के लिए बहुत पैंतरेबाजी की, लेकिन अन्ना के दृढ़ इरादों ने सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया।'
भोपाल से आरिफ अहमद के अनुसार- 'भ्रष्टाचार के खिलाफ अभी लम्बी जंग लड़नी है। सबसे पहले तो लोकपाल विधेयक का सही मसौदा तैयार हो, फिर यह उसी रूप में संसद से पारित हो। यह कार्य एक निश्चित समय-सीमा में हो। नेता और अफसरों का शक्तिशाली गठजोड़ इसमें कदम-कदम पर अड़ंगे लगाएगा।'
अलवर से सिद्धार्थ गुप्ता ने लिखा- 'सरकार को अन्ना हजारे की टीम ने जो जन लोकपाल विधेयक तैयार किया है, उसे स्वीकार कर लेना चाहिए। सरकार ने जो विधेयक 1968 में लोकसभा में पेश किया था वह कमजोर है। इसमें लोकपाल को कोई शक्तियां ही नहीं दी गईं।'
उदयपुर से कीर्ति श्रीमाली ने लिखा- 'अगर राज्य सरकारें इरादा कर लें तो सख्त कानून बनाने से कोई नहीं रोक सकता। बिहार का उदाहरण सामने है। वह एक मात्र राज्य है जहां भ्रष्टाचारी की सम्पत्ति जब्त करने का कानून है, जिसे नीतीश कुमार की सरकार ने बनाया। अब मध्य प्रदेश ने भी यही पैटर्न अपनाया है।'
ग्वालियर से प्रदीप चौहान ने लिखा- 'जन लोकपाल बिल के तहत प्रधानमंत्री के खिलाफ लोकपाल कार्रवाई कर सकता है। यह संस्था यूरोप के कई देशों के 'ओम्बुड्समैन' जैसी शक्तिशाली होनी चाहिए।'
बैंगलूरु से यशराज मेहता ने लिखा- 'यह विधेयक जन लोकपाल को 'सुपर सरकार' बना देगा। प्रधानमंत्री और कई संवैधानिक प्रमुखों को लोकपाल की दया पर निर्भर होना पड़ेगा। इससे लोकतंत्र कमजोर होगा।'
सूरत से प्रेमशंकर 'उदासी' ने लिखा- 'लोकतंत्र की चिन्ता करने वालों को इस बात का जवाब देना चाहिए कि अब तक 8 बार सरकारी तथा 6 बार गैर सरकारी विधेयक के तौर पर पेश हो चुके लोकपाल बिल को लोकसभा ने आज तक पारित क्यों नहीं किया। स्वयं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 2004 में विधेयक को पारित करने का वादा कर भूल क्यों गए?'
इंदौर से सज्जन सिंह ने लिखा- 'भ्रष्टाचारियों, सावधान हो जाओ। जनता का लोकपाल आने वाला है। अब उसे कोई नहीं रोक सकता। दिल्ली के जंतर-मंतर से जो हुंकार उठी है वह मिस्र के तहरीर चौक जैसी है।'
उज्जैन से देशबंधु शर्मा ने लिखा- 'इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत गांधीवादी तरीका था, जो पूरी तरह अहिंसक रहा। इससे साबित हुआ कि इस देश में कोई बड़ा आंदोलन तभी सफल हो सकता है, जब वह हिंसा से दूर हो। क्या नक्सलवादी इस आंदोलन से कोई सबक सीखेंगे?'
क्रिकेट कूटनीति
आशीब काबरा (जयपुर) ने लिखा- 'मुझे खुशी है, जब पूरा मीडिया भारत-पाकिस्तान मैच के मौके पर क्रिकेटमय हो चला था- लोगों में जुनून और भावनाओं का ज्वार पैदा किया जा रहा था, तब पत्रिका ने सिक्के के दूसरे पहलू की तरफ भी ध्यान खींचा। संपादकीय में 'क्रिकेट के अलावा' (30 मार्च) और पत्रिका व्यू में 'खेल के नाम पर साजिश' (2 अप्रेल) में जिन मुद्दों को उठाया गया था, वे हमारे वर्ल्ड -कप जीतने के बाद भी फीके नहीं पड़े हैं। खासतौर पर यह कि क्या भारत सरकार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को मैच देखने के लिए आमंत्रित करना चाहिए था? मेरा मानना है कि मुम्बई हमलों (26/11) के बाद हमारी सरकार ने जो संकल्प किया था उसे तोड़ दिया। सरकार ने ऐलान किया था कि जब तक पाकिस्तान मुम्बई हमलों के दोषियों को सजा नहीं देगा, हमारी उससे कोई बातचीत नहीं होगी। अफसोस! क्रिकेट कूटनीति के नाम पर हमारी सरकार ने घुटने टेक दिए। टीम इंडिया ने हमारा सिर ऊंचा किया, सरकार ने नीचा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मुम्बई में मारे गए निर्दोष नागरिकों और पाकिस्तानी आतंकियों से मुकाबला करते शहीद हुए जवानों की आत्माएं हमसे सवाल पूछ रही होंगी। इधर हम क्रिकेट कूटनीति कर रहे हैं और उधर पाकिस्तान चीन के साथ मिलकर 778 किमी लंबी नियंत्रण रेखा के पास हमारी जड़ें खोद रहा है।'

  • Digg
  • Del.icio.us
  • StumbleUpon
  • Reddit
  • RSS

परमाणु ऊर्जा पर प्रश्र चिन्ह





भोपाल से डॉ. सूर्यकान्त जायसवाल ने लिखा- 'जिस परमाणु ऊर्जा के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपनी सरकार को दांव पर लगा दिया था। जिस परमाणु ऊर्जा के लिए उन्हें अपनी सरकार बचाने के लिए 'नोट के बदले वोट' का आरोप झेलना पड़ा जो आज भी संप्रग सरकार का पीछा नहीं छोड़ रहा। वह परमाणु ऊर्जा आज इस कदर सवालों से घिरी हुई है कि किसी को जवाब देते नहीं सूझ रहा है।'
  बेंगलूरु से प्रसून माहेश्वरी ने लिखा- 'फुकुशिमा की घटना के बाद परमाणु बिजलीघर लगाने की होड़ में दौड़ रहे सभी राष्ट्र आज तो सहमे हुए हैं। लेकिन सवाल यह है कि कहीं यह 'श्मशानिया वैराग्य' तो नहीं? विंडस्केल से लेकर थ्री माइल्स आइलैण्ड, चेर्नोबिल, तोकाइमूरा और फुकुशिमा तक हुई परमाणु बिजलीघरों की त्रासदियों ने विश्व को झकझोर दिया था। लेकिन हर बार इन दुर्घटनाओं को भुला दिया गया। परमाणु संयंत्रों का विस्तार चालू रहा।'
 प्रिय पाठकगण! जापान की फुकुशिमा घटना के बाद विश्व में परमाणु ऊर्जा के खिलाफ बन रहे माहौल के बीच पाठकों ने कुछ सवाल उठाएं हैं।

  •  क्या परमाणु बिजलीघरों को बंद कर दिया जाना चाहिए?
  •  क्या परमाणु संयंत्रों के विस्तार का कार्यक्रम पूरी दुनिया में रोक दिया जाना चाहिए?
  •  परमाणु शक्ति के घातक विनाश से मानवता को कैसे बचाया जा सकता है?

पाठकों ने प्रतिक्रियाओं में इन प्रश्नों पर अपनी राय प्रकट की है। कई पाठकों ने परमाणु ऊर्जा की उपयोगिता और विकास में भूमिका पर भी तार्किक मत प्रकट किए हैं।
इंदौर से यशवंत भिड़े ने लिखा- 'अमरीका में पिछले 30 सालों से परमाणु ऊर्जा का विस्तार बंद था। लेकिन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने परमाणु बिजलीघरों के निर्माण को प्रोत्साहन देने की नई नीति शुरू कर दी। उन्हें लगता है कि परमाणु ऊर्जा की वजह से अमरीका अपने विकास कार्यक्रमों में कटौती किए बिना ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन को कम कर सकता है। ओबामा की इस नीति का विरोध अब अमरीका में उनकी अपनी डेमोक्रेटिक पार्टी में भी होने लगा है।'
जया कुलश्रेष्ठ (जयपुर) ने लिखा- 'परमाणु ऊर्जा समर्थकों की दलील है कि इससे प्रदूषण नहीं फैलता। लेकिन रेडिएशन का खतरा प्रदूषण से हजार गुना घातक है। दुष्परिणाम पीढि़यों तक भुगतना पड़ता है।'
कोलकाता से यामिनी नायर ने लिखा- 'आखिर परमाणु बिजलीघर बंद क्यों नहीं कर दिए जाएं? इन बिजलीघरों से हमें मिल क्या रहा है! दुनिया की सिर्फ 14 प्रतिशत बिजली! 30 देशों के 443 परमाणु रिएक्टरों से सिर्फ 14 प्रतिशत बिजली और वह भी भारी-भरकम खर्च और जोखिम उठाकर। भारत को तो 2.5 फीसदी बिजली भी नहीं मिल रही है।'
इसके विपरीत वड़ोदरा से सुभाष शाह ने लिखा- 'भारत में ऊर्जा की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। भारत को विशाल पैमाने पर ऊर्जा की जरूरत है। पानी और कोयला सीमित मात्रा में है। विकास का सारा ढांचा ऊर्जा पर निर्भर है। परमाणु ऊर्जा के सिवाय हमारे पास विकल्प ही क्या है। परमाणु ऊर्जा विस्तार कार्यक्रम को रोकने का मतलब विकास को ठप करना है।'
जबलपुर से निर्मल शुक्ला ने लिखा- 'परमाणु संयंत्रों में आबादी के लिहाज से छोटे देशों जैसे फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया से भारत बहुत पीछे है। परमाणु संयंत्र 10 शीर्ष राष्ट्रों में भारत का सातवां नम्बर है। जबकि भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की दूसरी तेज रफ्तार वाली अर्थव्यवस्था है। भारत को अगर तेज रफ्तार से आगे बढ़ना है तो परमाणु संयंत्रों का विस्तार करना ही होगा।'
कोटा से गौतम रॉय ने लिखा- 'जो लोग सीमित ऊर्जा स्रोतों की दलील देकर भारत में परमाणु ऊर्जा की वकालत कर रहे हैं उन्हें भारत की सौर और पवन ऊर्जा की शक्ति का एहसास नहीं है। भारत की भौगोलिक स्थिति के मद्देनजर 4500 ट्रिलियन किलोवाट शुद्ध सौर ऊर्जा प्राप्त हो सकती है। यहां औसतन सालाना 300 स्वच्छ सूर्य-दिवस  (Clear Sunny days) आते हैं। 1500 से 2000 'सनशाइन अवर्स' कुछ हिस्से को छोड़कर भारत के पूरे क्षेत्र को उपलब्ध है। पवन-ऊर्जा में भारत को विश्व में लीडर माना जाता है।'
बीकानेर से डॉ. विजय भार्गव ने लिखा- 'परमाणु बिजलीघरों को बंद करने से कुछ हासिल नहीं होगा। जरूरत सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की है।'
अहमदाबाद से देवेश कात्याल ने लिखा- 'फुकुशिमा के बाद चीन, जर्मनी, फ्रांस, रूस आदि देशों ने अपने परमाणु संयंत्रों को लेकर जो घोषणाएं की हैं, वे दिखावटी हैं। ये देश परमाणु बिजलीघर लगाने का अपना कोई कार्यक्रम रद्द नहीं करेंगे।'
जोधपुर से पी.सी. जोशी ने लिखा- 'अगर सभी परमाणु देश गंभीर हैं तो वे नए सिरे से एक संयुक्त समझोता करें कि वे अपने-अपने देशों में नए लगने वाले सभी संयंत्रों पर रोक लगा देंगे। इस समझोते की 20 वर्ष से पूर्व किसी भी तरह की समीक्षा पर पाबंदी होनी चाहिए।'
कपिल गौतम (उदयपुर) ने लिखा- 'पृथ्वी पर जीवन किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा से समूल नष्ट हो सकता है। हमारे प्राचीन ग्रंथों में भी 'प्रलय' की परिकल्पना है।
परन्तु प्रलय को जब इंसान स्वयं आमंत्रित करे तो महाविनाश को कौन रोक सकता है। चाहे परमाणु
हथियार हों या फिर संयंत्र। यही समय है जब हम विकास और विनाश की अवधारणाओं को बारीकी से समझे।



  • Digg
  • Del.icio.us
  • StumbleUpon
  • Reddit
  • RSS